नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार जिले में राम मंदिर निर्माण के लिए विश्व हिंदू परिषद (विहिप) द्वारा चलाए जा रहे निधि समर्पण अभियान को लेकर राम भक्तों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। 14 जनवरी से शुरू इस अभियन के महज तीन- चार दिन ही बीते हैं लेकिन राम काज के लिए इतने कम समय में ही 5 लाख से अधिक राशि एकत्र की जा चुकी है। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के मयूर विहार नगर कार्यवाह प्रवीण खन्ना ने बताया कि क्षेत्र में ऐसे राम भक्त भी हैं जो खुद संपर्क कर लाखों की राशि मंदिर निर्माण के लिए समर्पित कर रहे हैं। इसके साथ ही प्रवीण खन्ना ने राम भक्तों से निवेदन किया कि वे जो भी राशि मंदिर निर्माण के लिए दें उसकी रसीद जरूर लें।
हिम्मतपुरी में कार्यालय का उद्घाटन
इसी क्रम में रविवार को हिम्मतपुरी 17-ब्लॉक स्थित सनातन धर्म शिव मंदिर में महामंडलेश्वर महंत नवल किशोर दास महाराज ने इस अभियान के लिए मयूर विहार जिला कार्यालय का उद्घाटन किया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद बछैती, पार्षद बिपिन बिहारी सिंह समेत कई लोगों ने मंदिर निर्माण के लिए उन्हें चेक सौंपे।

महामंडलेश्वर महंत नवल किशोर दास महाराज ने कहा कि अयोध्या में श्री राम मंदिर बनते देखने का सौभाग्य हम सबको मिल रहा है। यह हमारे लिए गर्व की बात है। ईश्वर की कृपा से यह संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि मंदिर में सबकी आस्था है। लेकिन निधि समर्पण अभियान चलाकर सबको मंदिर से भावनात्मक रूप से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रयास किया जा रहा है कि हर शख्स जो श्री राम मंदिर में आस्था रखता है, श्रद्धा अनुसार उसके निर्माण के लिए धनराशि का योगदान दे। ताकि वह अपने बच्चों को यह बता सकें कि इस मंदिर को बनाने में उनकी सहभागिता रही है। उन्होंने कहा कि कई उद्यमी मंदिर के लिए मोटी धनराशि देने को तैयार हैं, लेकिन उससे जनभावनाओं को जोड़ना संभव नहीं होगा
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के जिला कार्यवाह एवं अभियान प्रमुख लक्ष्मण ने बताया कि अभियान के लिए जिला स्तर पर तीन टोलियां बनाई गई हैं। जिसमें संचालन टोली और समन्वय टोली के अलावा एक विशेष टोली बनाई गई है। विशेष टोली बड़े उद्यमी, अधिकारियों से बात करेगी। कोंडली, त्रिलोकपुरी, हिम्मतपुरी, मयूर विहार और अशोक नगर में नगर स्तर पर दो-दो टोलियां बनाई गई हैं।
इसी तरह बस्ती स्तर पर टोलियां बनी हैं, जो लोगों से घर जाकर मंदिर के लिए धन संग्रह करेंगी। इस अवसर पर सह अभियान प्रमुख विजय कांत, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के पूर्वी विभाग संचालक सुनील कक्कड़, जिला संचालक वीरेश, योगाचार्य स्वामी आनंद, ब्रज गुप्ता, प्रवीण खन्ना मौजूद रहे। महामंडलेश्वर महंत नवल किशोर दास महाराज ने राम मंदिर निर्माण के लिए अधिक से अधिक धनराशि का सहयोग करने का आहवान किया।